पलामू में अवैध बालू उठाव के दौरान हादसा — ट्रैक्टर पलटने से मजदूर की मौत, पुलिस जांच में जुटी
पलामू जिले के नवाजयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात अवैध बालू उठाव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में मजदूर अजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालू लदे ट्रैक्टर का डाला अचानक पलट गया, जिससे अजय यादव उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


घटना की जानकारी मिलते ही नवाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले जाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह हादसा ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुआ प्रतीत होता है।
उन्होंने यह भी खुलासा किया कि ट्रैक्टर का मालिक एक स्थानीय बालू कारोबारी है, जो अवैध रेत कारोबार में संलिप्त है। फिलहाल ट्रैक्टर चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतक अजय यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में अवैध बालू खनन को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।

