रांची में नशे में धुत कार चालक का तांडव, आधा दर्जन लोग घायल
रांची: राजधानी रांची में सोमवार देर रात नशे में धुत एक कार चालक ने सड़क पर कहर बरपाया। चुटिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


सूत्रों के अनुसार, जेएच 01 एफएफ 6112 नंबर की कार बहुबाजार से चुटिया की ओर तेज रफ्तार से आ रही थी। जैसे ही वाहन चुटिया राम मंदिर के समीप पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और सड़क किनारे खड़े चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी के हाथ-पैर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। टक्कर के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश में था।
भागते समय वह चुटिया पावर हाउस के पास एक स्विगी डिलीवरी ब्वॉय से भी जा टकराया। डिलीवरी कर्मी सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद स्थानीय लोग और पीसीआर की टीम आरोपी वाहन का पीछा करने लगे। महादेव मंडा के पास भीड़ ने कार को रोक लिया और गुस्से में चालक की जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने कार को भी काफी नुकसान पहुंचाया।
इधर, पुलिस समय पर पहुंची और भीड़ से आरोपी को सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया। वाहन को जब्त कर लिया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है, जिसमें स्विगी डिलीवरी ब्वॉय की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

