आदित्यपुर में तड़के लगी आग, पूजा कक्ष जलकर खाक—बड़ा हादसा टला
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 21 पर स्थित स्वर्गीय विमल पंडित के मकान में सोमवार तड़के अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर के सदस्य गहरी नींद में थे। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने घर की खिड़की से घना धुआं निकलते देखा। उन्होंने शोर मचाकर वर्तमान निवासी सूरज प्रजापति और उनके परिवार को बाहर निकाला।


स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से लगातार धुआं निकलता रहा, जिससे स्थिति और गंभीर लगने लगी। थोड़ी ही देर में आसपास के राहगीरों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
बताया गया कि घर आकाशवाणी चौक से करीब सौ मीटर की दूरी पर है और इसके बाहर दो किराये की दुकानें भी संचालित होती हैं। आग घर के पूजा कक्ष में लगी थी। हालांकि आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन लोगों का अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट या जलाये गए दीये-बत्ती से आग भड़की होगी। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि पूजा कक्ष का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

