“लातेहार के एकलव्य विद्यालय से तीन छात्राएं बाहर: तंत्र-मंत्र के आरोपों पर बाल संरक्षण इकाई की जांच तेज”
लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड स्थित मंगरा रोड एकलव्य विद्यालय में आठवीं कक्षा की तीन छात्राओं को कथित तौर पर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों के संदेह में परिसर से बाहर कर दिए जाने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्राएं रात के समय छात्रावास और महिला शिक्षिकाओं के कमरों के बाहर अजीब हरकतें करती पाई गईं, जिससे अन्य बच्चियां डर गईं। शिकायतों के बाद विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को बुलाकर छात्राओं को घर ले जाने और किसी अन्य विद्यालय में नामांकन कराने की सलाह दी।


परिजनों ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए मामले को बाल संरक्षण इकाई के सामने रखा। सोमवार को सदस्य रूबी कुमारी के नेतृत्व में जांच टीम स्कूल पहुंची, लेकिन उन्हें प्रारंभ में परिसर में प्रवेश से रोक दिया गया। उच्च अधिकारियों से संपर्क के बाद टीम को अंदर जाने की अनुमति मिली। जांच के बाद टीम ने बताया कि विद्यालय द्वारा लगाए गए आरोपों का कोई ठोस प्रमाण नहीं पाया गया।
स्कूल प्रिंसिपल कमलेश कुमार का कहना है कि छात्राएं ऐसी गतिविधियां कर रही थीं, जिससे अन्य बच्चियों में दहशत फैल रही थी, इसलिए उन्हें अस्थायी रूप से घर भेजा गया है।
वहीं, आईटीडीए लातेहार के निदेशक प्रवीण कुमार गगराई ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के लिए मंगलवार को एक टीम भेजी जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

