Newsझारखण्ड

हर गांव को सरकारी योजनाओं से जोड़ विकास पहुंचाना प्राथमिकता: जोबा माझी  

 

 

मनोहरपुर और आनंदपुर के बीच ग्राम कुड़ना और ढीपा स्थित कोयल नदी में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत पुल निर्माण का सांसद और विधायक ने किया शिलान्यास

 

आनंदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में तेजी से विकास कार्य किये जा रहे है। मनोहरपुर विधानसभा समेत सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को गति मिल रही है। उक्त बातें सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने कही। सांसद गुरुवार को मनोहरपुर एवं आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत मनोहरपुर और आनंदपुर प्रखंड को जोड़ने वाली ग्राम ढीपा और कुड़ना के बीच कोयल नदी पर पुल निर्माण कार्य के शिलान्यास के मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। सांसद ने कहा हर गांव को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि विकास हर व्यक्ति तक पहुंच सके।

सांसद ने पुरानी बातों को साझा करते हुए कहा कि एक समय में चक्रधरपुर से मनोहरपुर तक आने के लिए आवागमन की सुविधा नहीं थी। मैं स्वयं ट्रेन से मनोहरपुर आवागमन करती थी, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी हैं। हर पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ा गया है। वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कोयल नदी पर पुल निर्माण के बाद मनोहरपुर के रायडीह और ढीपा पंचायत समेत दर्जनों गांवों के लोगों को आनंदपुर होते हुए रांची जाने में सुविधा होगी। विधायक ने बताया कि आने वाले दिनों में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी पुल-पुलिया के अलावा सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इससे पूर्व सांसद और विधायक ने करीब 12 करोड़ रुपये की अधिक लागत से 357.80 मीटर लंबी बनने वाली पुल का शिलापट का अनावरण कर शिलान्यास किया। शिलान्यास को लेकर ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखा गया। पुल निर्माण से ढीपा, बारुडूंगरी, इचापीढ़, बड़पोस, रायडीह, घाघरा, महुलडीहा, कुड़ना, बड़ा कुड़ना, छोटा कुड़ना, मथुरापोस, रायकेरा, आनंदपुर, जीरो किलोमीटर, चारबंदिया आदि गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे।

पुल शिलान्यास के बाद सांसद और विधायक ने कोयल नदी में नाव की सवारी की। इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता जितेंद्र पासवान, सहायक अभियंता अमर दास, कनीय अभियंता अब्दुल अनीस, मुखिया अशोक बांदा, पूजा कुजूर, आनंदपुर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिलबीरयुस तिर्की, बंधना उरांव, अकबर खान, मुकेश रजक, अजहर अली, बसंत हरलालका, संजीव गंताइत, राजू सिंह, अजय कच्छप, पिंटू जैन, किशोर खलखो, आशीष गंताइत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *