सरायकेला : प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला–खरसावां के तीसरे कार्यकाल का शुभारंभ, उपायुक्त ने दिलाई शपथ
सरायकेला। जिले के मान्यता प्राप्त पत्रकार संगठन प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला–खरसावां के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत शुक्रवार को एक सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय समारोह के साथ हुई। जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने नई कमेटी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


इस बार भी मनमोहन सिंह राजपूत लगातार तीसरी बार प्रेस क्लब के अध्यक्ष चुने गए हैं। वर्ष 2021 में गठन के बाद से संगठन जिले में पत्रकारों के हित और समस्याओं को लेकर सक्रिय रहा है।

शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ होते हैं। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की अपेक्षा करते हुए कहा कि समाज की वास्तविकता और अंतिम पंक्ति के लोगों की समस्याओं को उजागर करना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव या पक्षपात से की गई पत्रकारिता समाज के लिए नुकसानदायक होती है।
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि जिले के सभी आंचलिक पत्रकारों को एक मंच पर संगठित रूप से देखना सुखद है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और पुलिस–प्रशासन एक दूसरे के पूरक हैं, और दोनों के आपसी समन्वय से कई जटिल मामलों का समाधान आसान हो जाता है।

अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब हमेशा पत्रकारों के हित, समाज और प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि चांडिल अनुमंडल में भी पत्रकारों के लिए एक भवन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वहां कार्यरत मीडिया कर्मियों को एक ऐसा स्थान मिले जहाँ वे बेहतर समन्वय के साथ काम कर सकें।
कार्यक्रम में गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, सिनी ओपी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, महासचिव मनोज कुमार चौधरी एवं समाजसेवी सुमित चौधरी सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने पत्रकारों को प्रमाण पत्र और उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को पौधा, शॉल और स्मृति चिह्न देकर स्वागत से हुई। अंत में सरायकेला की प्रसिद्ध छऊ नृत्य प्रस्तुति ने समारोह में अलग ही रंग भर दिया और उपस्थित लोगों ने इसे खूब सराहा।

