बड़ाचाकड़ी में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित, जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने विजेता टीमों को किया पुरस्कृत
कुचाई प्रखंड अंतर्गत बन्दोलोहर पंचायत के बड़ाचाकड़ी में झारखंड एकादश की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. जिसमें कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया. फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में रविवार दोपहर तीन बजे जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा व विशिष्ट अतिथि में पंचायत के मुखिया देवचरण हाईबुरू शामिल हुए.



प्रतियोगिता का फाइनल मैच गलियालोहर एफसी व बजरंग एफसी के बीच खेला गया. जिसमें गलियालोहर एफसी की टीम विजेता रही. इससे पूर्व अतिथियों ने फाइनल मैच का उद्घाटन खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबॉल को की मार कर किया.वही प्रतियोगिता में विजेता रहे टीम को 25 हजार व उपविजेता रहे बजरंग एफसी की टीम को 17 हजार रुपए नगद राशि देकर अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया. जबकि तीसरे स्थान पर रहे पाकवाबेड़ा की टीम व चौथे स्थान पर रहे पगारडीह की टीम को 10-10 हजार रुपए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया. इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि खेल के प्रति लोगों में रुचि बढ़नी चाहिए.

खेल एक ऐसा माध्यम है, जिससे मनुष्य का मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है. खेल एक अच्छा उदाहरण है, जिसके माध्यम से मनुष्य नैतिकता का पाठ सीख सकता है. खेल में हार जीत लगे रहती है, इससे खिलाड़ियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है. खिलाड़ी लक्ष्य निर्धारित कर खेलें सफलता जरूर मिलेगी. खेल के माध्यम से भी खिलाड़ी अपनी करियर बना सकते हैं. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष बबलू सोय, अश्वनी सिंहदेव, विष्कंठ प्रधान, रथू महतो, सितंबर गुंदवा समेत काफी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे.


