LatestNewsNews post

नीमडीह के लाकड़ी गांव में युवक की हत्या, झाड़ियों में मिला शव

ईचागढ़ – नीमडीह थाना क्षेत्र के लाकड़ी गांव स्थित मकलीकोचा टोला में एक युवक की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बीते शाम घर से निकले युवक का शव सोमवार की सुबह झाड़ियों में मिलने पर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। मृतक की पहचान सुखराम माझी के पुत्र सोनू मांझी के रूप में की गई है।

मृतक के परिजनों के अनुसार सोनू मांझी रविवार की शाम को घर से बाहर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह जब मृतक का भाई उसकी तलाश में निकला तो रास्ते में खून के धब्बे दिखाई दिए। खून के निशान का पीछा करते हुए वह झाड़ियों तक पहुंचा, जहां सोनू मांझी का शव पड़ा मिला।

घटना की जानकारी मुखिया प्रतिनिधि द्वारा नीमडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नीमडीह थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे हत्या का मामला माना जा रहा है।

ग्रामीणों में दहशत के साथ ही आक्रोश भी देखा जा रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी एसके तिवारी ने बताया कि अब तक मृतक के परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आवेदन नहीं मिला है। मृतक का दाह संस्कार होने के बाद परिजनों के द्वारा थाना में आवेदन दिए जाने की बात कही गई है। बताया गया कि घटनास्थल से मिले सबूतों और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *