झारखंड में हेल्थ रिवोल्यूशन! ₹15 लाख कवर और डिजिटल हेल्थ कार्ड की बड़ी घोषणा
रांची में झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आयुष्मान भारत–मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन पर आधारित राज्यस्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया। BNR चाणक्य होटल में हुए इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता का बेहतर स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी निर्णय इसी सोच के साथ लिए जाएंगे।


कार्यक्रम में डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि झारखंड स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। वहीं NHA के सीईओ डॉ. सुनील कुमार बरनवाल ने झारखंड के डिजिटल और पारदर्शी स्वास्थ्य मॉडल की सराहना की।
सरकार ने जल्द ही सभी लाभुकों को डिजिटल हेल्थ कार्ड देने और 15 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा लागू करने की घोषणा की। मंत्री ने निजी अस्पतालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मरीज के शव को रोकना गंभीर अपराध है और ऐसा करने वाले अस्पतालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सरकार ICU, NICU और CCU के रेट भी फिक्स करने जा रही है, ताकि मनमानी बिलिंग पर रोक लग सके।
राज्य के अस्पतालों में आधुनिक उपकरणों की स्थापना, CT-Scan, MRI जैसी सेवाओं को जल्द शुरू करने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अस्पतालों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ जनता की सेवा है।

