बारात से पहले दूल्हे की आत्महत्या, पुलिस पर प्रताड़ना और 10 लाख की मांग का आरोप
रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां न्यू मधुकम रोड नंबर-5 निवासी नीतेश कुमार पांडेय ने अपनी ही बारात निकलने से एक घंटा पहले आत्महत्या कर ली। परिवार लातेहार बारात ले जाने की तैयारी में था, तभी यह घटना घट गई। मामले ने गंभीर मोड़ तब लिया जब एक युवती ने नीतेश पर यौन संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने का आरोप लगाया।


नीतेश के भाई नीरज पांडेय ने आरोप लगाया कि सुखदेवनगर थाना के मुंशी परशुराम ने केस को मैनेज करने के नाम पर 10 लाख रुपये मांगे थे और लगातार पुलिस दबाव की वजह से नीतेश मानसिक रूप से टूट गया। परिजनों के अनुसार 25 नवंबर, तिलक समारोह के दिन भी नीतेश को थाने बुलाया गया था। घटना के ढाई घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर भी घरवालों ने नाराजगी जताई।
नीतेश के पिता उदित नारायण पांडेय के बयान के आधार पर युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। वहीं, कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि युवती ने 2017 से चले आ रहे प्रेम संबंध से जुड़े फोटो और चैट सबूत के रूप में प्रस्तुत किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित अधिकारियों के खिलाफ लगे आरोपों की भी जांच की जाएगी।

