Newsझारखण्ड

पाकुड़ में उत्पाद विभाग की समीक्षा, अवैध मदिरा पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पाकुड़ समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में उत्पाद विभाग के कार्य, राजस्व संग्रह और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उत्पाद अधीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 तक विभाग ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 105.71 प्रतिशत राजस्व प्राप्त किया है। वहीं अप्रैल से 28 नवंबर 2025 तक अवैध मदिरा से संबंधित कुल 65 अभियोग दर्ज किए गए हैं।

 

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी बार और रेस्तरां का नियमित निरीक्षण किया जाए और खुदरा उत्पाद दुकानों की निगरानी लगातार जारी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री केवल निर्धारित एमआरपी पर ही होनी चाहिए। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रहें, इसके लिए भी संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

 

नए वर्ष के आगमन को देखते हुए उपायुक्त ने अवैध मदिरा के उत्पादन और कारोबार पर पूर्ण रोक लगाने के लिए जिले में विशेष छापामारी अभियान चलाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह को मजबूत रखना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी वजह से अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *