गुमला में झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का दौरा, सिविल कोर्ट का किया निरीक्षण
गुमला में आज झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान का आगमन हुआ। सर्किट हाउस में पुलिस बल द्वारा उन्हें गरिमामय गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने सिविल कोर्ट, गुमला का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायिक अधिकारियों से मुलाकात कर जिलास्तरीय न्यायिक व्यवस्था, लंबित मामलों की स्थिति और वादों के निष्पादन के तरीके के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अदालत परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और आवश्यकतानुसार सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य न्यायाधीश ने बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं से भी संवाद किया। अधिवक्ताओं ने न्यायालय से जुड़े अपने अनुभव और समस्याएँ साझा कीं तथा बार भवन के मरम्मती कार्य की मांग रखी। इस पर न्यायाधीश ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित, न्यायिक अधिकारीगण, पुलिस बल और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस दौरे का उद्देश्य गुमला जिले में न्यायिक सेवाओं के सुचारू संचालन और अदालत की कार्यक्षमता बढ़ाने के उपायों का मूल्यांकन करना था। न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं के साथ संवाद के बाद, न्यायालय में सुधार और सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

