स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिल पर बंधु तिर्की का हमला, JBVNL से तुरंत सुधार की मांग
रांची में अचानक बढ़े बिजली बिलों ने हजारों उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने इस मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) से तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरों से जुड़े गलत और अप्रत्याशित बिल लोगों के लिए आर्थिक बोझ बन गए हैं।


बंधु तिर्की ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं के पास 60 से 80 हजार रुपये तक के बिल पहुंच रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि ये बिल उन घरों में भी भेजे गए हैं जहां सिर्फ कुछ बल्ब, पंखा या एक टीवी का ही उपयोग होता है।
उन्होंने कहा कि आम लोग कार्यालयों के चक्कर लगाने में सक्षम नहीं हैं और जो लोग शिकायत लेकर जाते हैं उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह स्थिति उपभोक्ताओं के अधिकारों के खिलाफ है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बिजली विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि सभी गलत बिलों की तत्काल जांच हो और उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी त्रुटियाँ न हों, इसके लिए विभाग को सिस्टम की सख्त निगरानी करनी होगी।

