आनंदपुर में हाथी का आतंक, वृद्ध महिला की मौत; वन विभाग ने दी तत्काल मदद
जमशेदपुर के आनंदपुर प्रखंड में जंगली हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार देर शाम कोचा कुंडना में हाथी के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 78 वर्षीय खिस्ट कुमारी बारला के रूप में की गई है, जो बिंजु गांव की रहने वाली थीं और निकोलास सुरीन के घर मेहमान बनकर आई थीं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय खिस्ट कुमारी और घर के लोग बाहर आग ताप रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी गांव में घुस आया। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन वृद्ध महिला समय रहते हट नहीं सकीं। हाथी ने उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर रविवार सुबह वन क्षेत्र पदाधिकारी तरुण सिंह मौके पर पहुंचे और मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। विभाग ने सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को पटाखे भी उपलब्ध कराए। परिजनों से मुआवजा फॉर्म भरवाया गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भिजवा दिया।
दो दिनों में हाथी के हमले की दो घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली हाथी दिखते ही तुरंत सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

