Newsझारखण्ड

देवघर से लौटते ही एक्शन मोड में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, अवैध खनन पर बड़ी सभा की तैयारी 

 

चाईबासा: देवघर से लौटने के तुरंत बाद पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। लौटते ही उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र मझगांव का दौरा किया और वहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की। क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की दिशा में यह उनकी पहली गतिविधि मानी जा रही है।

 

पत्रकारों से बातचीत में बड़कुंवर गागराई ने बताया कि उनका अगला कार्यक्रम जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। यहां पार्टी संगठन की मजबूती के साथ-साथ अवैध खनन, अवैध बालू ढुलाई और उससे हो रहे नुकसान को लेकर जनता के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बड़ा जामदा में एक विशाल आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

 

पूर्व मंत्री ने कहा कि आज झारखंड में रोजगार की स्थिति काफी दयनीय है। लोग रोजगार के अभाव में बड़े पैमाने पर पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि केवल पश्चिम सिंहभूम जिले में ही 40 खदानें बंद पड़ी हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन बेरोकटोक चल रहा है। गागराई ने आरोप लगाया कि इस अवैध खनन में जिला प्रशासन, वन विभाग और खनन विभाग की मिलीभगत है, जिसके कारण खनन माफियाओं की चांदी हो रही है और सरकार को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि झारखंड सरकार अवैध खनन की गतिविधियों से पूरी तरह अवगत है, लेकिन किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं हो रही है। इससे साफ संकेत मिलता है कि सरकार ऐसे कार्यों को बढ़ावा दे रही है ताकि गलत तरीके से आर्थिक लाभ प्राप्त हो सके।

 

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि बड़ी आमसभा में वह और उनकी टीम आम लोगों को अवैध खनन की वास्तविक स्थिति, उसके दुष्परिणाम और सरकार की कथित निष्क्रियता से अवगत कराएंगे। उन्होंने बताया कि यह सभा जनता को जागरूक करने और सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूत जनमत तैयार करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम होगा।

 

पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा संगठन जनता की समस्याओं और उनके समाधान के लिए लगातार संघर्षरत है। अवैध खनन, पर्यावरण को नुकसान, राजस्व हानि और बढ़ते पलायन जैसे मुद्दों पर जनता के बीच व्यापक संवाद की आवश्यकता है, जिसे लेकर वे लगातार सक्रिय रहेंगे।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वे लगातार जनसंपर्क करेंगे तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है। बड़ी सभा की तैयारी शुरू हो चुकी है और शीघ्र ही इसकी तिथि और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *