छोटानागपुर कॉलेज हेंसल में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान आयोजित।
छोटानागपुर कॉलेज हेंसल में मंगलवार डीएसपी पूजा कुमारी के नेतृत्व में महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया, कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और कॉलेज परिसर की सभी महिलाओं को आत्मरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराना था।


अभियान की शुरुआत कॉलेज प्रबंधन और अध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध, साइबर सुरक्षा और सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में महिलाओं का जागरूक और सशक्त होना बेहद जरूरी है। छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया करनी चाहिए और किस प्रकार पुलिस व हेल्पलाइन सेवाओं की मदद लेनी चाहिए, इसकी भी जानकारी दी गई।
अभियान में बड़ी संख्या में छात्राएँ मौजूद रहीं और उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को जागरूक और मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेगा।
मौके पर डीएसपी पूजा कुमारी,महिला थाना प्रभारी तिलोत्तमा कुमारी,थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा समेत कई पुलिस कर्मी उपस्थित थे।

