झारखंड को मिला बड़ा रेल उपहार: रांची–लखनऊ नई ट्रेन व राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ी
झारखंड के रेल यात्रियों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। रांची से लखनऊ के बीच जल्द ही एक नई ट्रेन शुरू होने जा रही है, जो पलामू और अयोध्या के मार्ग से होकर लखनऊ पहुंचेगी। इससे झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।


इसी के साथ रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ा दी गई है। अब यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन लोहरदगा–पलामू रूट से और चार दिन हजारीबाग–कोडरमा मार्ग से नई दिल्ली जाएगी। राजधानी का प्रतिदिन संचालन यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा मानी जा रही है।
यह निर्णय उस समय लिया गया जब पलामू सांसद विष्णुदयाल राम के नेतृत्व में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में सांसदों ने कई महत्वपूर्ण रेल मांगों को रखा, जिन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
मुलाकात के दौरान कोहरे के कारण बंद पड़ी झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को पुनः शुरू करने की मांग भी उठाई गई, जिसे रेल मंत्री ने मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन पलामू क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
सांसदों का कहना है कि रांची–लखनऊ रूट पर नई ट्रेन और राजधानी एक्सप्रेस का प्रतिदिन संचालन जल्द ही अमल में आएगा। इससे हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।

