Newsझारखण्ड

वर्ल्ड हेल्थ कवरेज डे पर डालसा ने युवाओं को किया जागरूक, स्वास्थ्य सुरक्षा पर दिया जोर

 

 

चाईबासा: नालसा दिल्ली और झालसा रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-cum-अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा विश्व स्वास्थ्य कवरेज दिवस के अवसर पर टाटा स्टील मल्टी स्किल सेंटर में एक दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम में सचिव रवि चौधरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ रहना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग अक्सर स्वास्थ्य सुरक्षा की अनदेखी कर देते हैं तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कई स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी न होने से समस्याएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ रहने की दिशा में जागरूकता अभियान में शामिल होने की अपील की।

 

उप सिविल सर्जन डॉ. शिवचरण हांसदा ने स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बढ़ने के बावजूद अनेक परंपराएं और रूढ़ियों के कारण लोग समय पर इलाज नहीं कराते। उन्होंने हाइपरटेंशन और डायबिटीज के प्रति लोगों की लापरवाही को गंभीर बताया और कहा कि समय रहते जांच व उपचार जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या और सही खानपान अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

 

रोटरी क्लब चाईबासा के अनिल शर्मा ने भी स्वास्थ्य संरक्षण के व्यावहारिक सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन विकास दोदराजका ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन टाटा स्टील फाउंडेशन के निदेशक शंखनील बसु ने दिया।

 

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने कई प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में टाटा स्टील फाउंडेशन के राजीव कुमार, रोशनी झा, गुरुस्वामी, बेस बीरुली और विक्रम कुमार का विशेष योगदान रहा। मौके पर अधिकार मित्र सोमा बोस, असीमा चटर्जी, नीतू सार, सदर अस्पताल के ओम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *