JamshedpurNewsझारखण्ड

जमशेदपुर से अपराध की खबर — ऑटो में लूट, दो आरोपी जेल

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ऑटो में सवार एक यात्री के साथ मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टेंपो चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

पुलिस के अनुसार, पीड़ित नंदलाल टाटानगर रेलवे स्टेशन से डिमना स्थित अपने घर जाने के लिए एक ऑटो में बैठा था। जैसे ही ऑटो मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा, चालक और उसके सहयोगी ने चाकू दिखाकर उसे भयभीत किया। इसके बाद दोनों ने नंदलाल के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा 500 रुपये नकद छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। छापेमारी कर चांडिल के कपाली निवासी शेख सुल्तान और सरफराज अंसारी को गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जबकि घटना में इस्तेमाल टेंपो भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *