Newsझारखण्ड

खुंटपानी में युवक की गला घोंटकर हत्या, खेत में मिला शव

 

 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्रासाली थाना क्षेत्र के ऊपर लोटा गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गांव के 28 वर्षीय युवक सीनू राम जारीका की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यह घटना सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि लगभग 8 बजे के बाद की बताई जा रही है।मृतक का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

 

परिजनों के अनुसार, घटना के समय मृतक का पूरा परिवार एक परिचित के दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूसरे टोली गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात लोगों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया। बताया गया कि सीनू राम जारीका बागवानी का काम करता था। वह शाम करीब 8 बजे खेत से अपने बैलों को घर बांधने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

 

जब कार्यक्रम से लौटकर उसकी पत्नी घर पहुंची तो पति घर में नहीं मिला। इसके बाद उसने आसपास खोजबीन की। इसी क्रम में उसने देखा कि उसका पति घर से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा हुआ है। शोर मचाने पर अन्य परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक के गले में रस्सी के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पांड्रासाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

 

मृतक अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

 

सूत्रों के अनुसार, इस हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला भी हो सकता है। बताया जा रहा है कि मृतक का दूसरे गांव की एक युवती से बातचीत थी, जिसे लेकर पहले भी उसे समझाया गया था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस हत्या का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *