राज्य स्कूल शतरंज प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के खिलाड़ियों ने रांची में आयोजित राज्य स्कूल शतरंज प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में जिले के कुल 20 खिलाड़ियों ने भाग लिया।


संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में समृद्धि प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही उनका चयन अगले माह गुवाहाटी में होने वाली राष्ट्रीय स्कूल शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। समृद्धि डीएवी स्कूल, चाईबासा की छात्रा हैं और एक अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय रेटिंग 1462 है।
अन्य वर्गों में भी जिले के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। अंडर-7 गर्ल्स वर्ग में सनाया सिंह ने तृतीय स्थान, अंडर-11 गर्ल्स वर्ग में मायरा शाह ने तृतीय स्थान, अंडर-13 बॉयज वर्ग में आदित्य वर्धन शर्मा ने तृतीय स्थान तथा अंडर-15 गर्ल्स वर्ग में शालू कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।

संघ के सचिव ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बताया कि इस वर्ष जिले के 10 से अधिक खिलाड़ियों का चयन विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से पिछले दो वर्षों से चल रहे साप्ताहिक शतरंज प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। वर्तमान में जिले में 70 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी हैं।
संघ के अध्यक्ष एवं उद्योगपति समाजसेवी मुकुंद रूंगटा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संघ के प्रमुख प्रशिक्षक मनीष शर्मा की भी सराहना की, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

