एस.आर. रूंगटा ए-डिवीजन लीग में स्टूडेंट क्लब की पहली जीत
प्रकाश कुमार गुप्ता


चाईबासा: 32वीं एस.आर. रूंगटा ए-डिवीजन लीग 2025-26 के अंतर्गत सोमवार को खेले गए मुकाबले में स्टूडेंट क्लब चाईबासा ने लारसन क्लब चाईबासा को 13 रनों से पराजित कर चार अंक हासिल किए। यह प्रतियोगिता में स्टूडेंट क्लब की पहली जीत है, हालांकि अंक तालिका में टीम अब भी पांचवें स्थान पर बनी हुई है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टूडेंट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। टीम की ओर से जीशान हाशमी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 88 रन बनाए। इसके अलावा रियाज अहमद ने 39, मोअज्जम खान ने 28 और रेहान आफरिदी ने 19 रन का योगदान दिया। लारसन क्लब की ओर से फैजानुल रहमान और जन्मजय सिंह यादव ने तीन-तीन विकेट लिए।
219 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लारसन क्लब की टीम 33.5 ओवर में 205 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लारसन क्लब की ओर से तौसिफ अहमद और देवांश शुक्ला ने 56-56 रन की पारी खेली। करण शुक्ला ने 32, हिमांशु पांडेय ने 18 और फैजानुल रहमान ने नाबाद 16 रन बनाए।
स्टूडेंट क्लब की ओर से कैफ जमील ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। रेहान आफरिदी को दो विकेट मिले, जबकि अभिषेक नाथ और तौसिफ एहसान ने एक-एक विकेट लिया।
लीग में मंगलवार को विश्राम का दिन रहेगा। इसके बाद 17 दिसंबर को लारसन क्लब चाईबासा का मुकाबला सेरसा चक्रधरपुर से खेला जाएगा।

