LatestNewsNews postझारखण्ड

सेल गुवा अयस्क माइंस में 63वें सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ, ‘जीरो हार्म’ का लिया गया संकल्प

गुवा संवाददाता नसीम अंसारी की रिपोर्ट।

 

सेल गुवा अयस्क माइंस, बोकारो स्टील प्लांट में सोमवार को 63वां सुरक्षा सप्ताह–2025 का शुभारंभ डीजीएम चाईबासा क्षेत्र के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षा झंडोत्तोलन कर तथा सुरक्षा की प्रतीकात्मक प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण कर किया।

 

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “सतर्कता हटी तो दुर्घटना घटती है।” उन्होंने कर्म, मन और वचन से सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि जल्दबाजी और अति आत्मविश्वास ही दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से नई सुरक्षा तकनीकों को अपनाने, सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक रहने तथा असुरक्षा से लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया। साथ ही प्रबंधन की ओर से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

महाप्रबंधक खान एस.पी. दास ने कहा कि खदान संचालन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि महाप्रबंधक आर.के. सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष सुरक्षा सप्ताह का मूल मंत्र “जीरो हार्म” है। इसके लिए बिना सुरक्षा उपकरणों के खदान में प्रवेश न करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग जैसी आदतों को कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

 

63वां सुरक्षा सप्ताह 15 दिसंबर से 22 दिसंबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान 15 दिसंबर को सुरक्षा मॉडल रूम का उद्घाटन, 20 दिसंबर को गुवा सेल क्लब में पब्लिसिटी प्रोपेगेंडा कार्यक्रम तथा 22 दिसंबर को अतिथियों द्वारा माइंस निरीक्षण किया जाएगा। इसी क्रम में सीजीएम चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षा मॉडल कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद महाप्रबंधक अनिल कुमार ने उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई।

 

कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सुरक्षित कार्य का आधार है। आयोजन में स्थानीय ग्रामवासी, मानकी, मुंडा, विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि एवं सेल कर्मियों ने सहभागिता की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत संतोष कुमार बेहरा एवं बाल कलाकार कुमार आशुतोष ने गीत प्रस्तुति दी।

 

मौके पर सीजीएम चंद्रभूषण कुमार, महाप्रबंधक एस.पी. दास, आर.के. सिन्हा, डॉ. टी.सी. आनंद, डॉ. ए.के. अमन, डॉ. एस. सरकार, डॉ. प्रियंका रानी पात्रा, महिला समिति की सदस्याएं, नोवामुंडी भाग–1 जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एजीएम तनवीर जाफर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीजीएम माइनिंग मिलन नंदी ने दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *