राजस्व सह परिवहन मंत्री ने नगर परिषद चाईबासा की 21 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास
चाईबासा: नगर परिषद चाईबासा द्वारा संचालित विभिन्न विकास की 21 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के भू-राजस्व, निबंधन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री ने नारियल फोड़कर नगर परिषद की कुल 21 योजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं सदर थाना परिसर में नवनिर्मित 10 सीटर शौचालय का उद्घाटन भी किया गया।


कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद चाईबासा की प्रशासक संतोषनी मुर्मू ने मंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चाईबासा शहर के सौंदर्यीकरण और समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में आज कुल 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा एक योजना का उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन सभी योजनाओं की कुल प्राक्कलित राशि लगभग 5 करोड़ 58 लाख रुपये है।

प्रशासक ने मौके पर उपस्थित सभी ठेकेदारों और संवेदकों से अपील की कि वे सभी कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें, ताकि आम जनता को इन योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरूआ ने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि चाईबासा शहर में एक साथ 20 विकास योजनाओं का शिलान्यास होना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इन योजनाओं से शहर की सड़कों, नालियों, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा, जिससे लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। मौके पर उन्होंने चाईबासा की सबसे बड़ी समस्या बस स्टैंड को लेकर भी कहीं, उन्होंने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष में बस स्टैंड की समस्या से भी चाईबासा शहर को निजात मिलेगी।
नगर परिषद द्वारा जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण, विभिन्न वार्डों में सड़क कालीकरण, पी.सी.सी. सड़क निर्माण, आर.सी.सी. नाली निर्माण तथा नागरिक सुविधा से जुड़े कई कार्य शामिल हैं। ये योजनाएं 14वें वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग और शहरी परिवहन मद के अंतर्गत संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में पुलिस एसोसिएशन चाईबासा के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष, मंत्री के आप्त सचिव, नगर परिषद के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा सभी संवेदकगण उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और चाईबासा एक साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित शहर बनेगा।

