ऑल इंडिया डीआरएम कप फुटबॉल टूर्नामेंट में कोल्हान सॉकर एकेडमी की शानदार जीत
चाईबासा: ईस्ट कोस्ट रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन, वाल्टेयर डिवीजन (विशाखापत्तनम) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया डीआरएम कप आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट में कोल्हान सॉकर एकेडमी, चाईबासा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विशाखापत्तनम जिला फुटबॉल टीम को 2–0 से पराजित कर यादगार जीत दर्ज की।


मैच के 15वें मिनट में करन नाथ करवा ने बेहतरीन गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 37वें मिनट में टीम के कप्तान ब्रजमोहन सवैयां ने शानदार फिनिश के साथ दूसरा गोल दागकर जीत को मजबूत किया। पूरे मुकाबले के दौरान कोल्हान सॉकर एकेडमी के खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकजुटता और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। टीम की सशक्त रणनीति, बेहतरीन तालमेल और आत्मविश्वास ने दर्शकों के साथ-साथ खेल विशेषज्ञों को भी प्रभावित किया।

यह जीत कोल्हान क्षेत्र की उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं की पहचान और एकेडमी के निरंतर एवं समर्पित प्रयासों का प्रमाण है। युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव दिलाने के उद्देश्य से एकेडमी लगातार राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में भाग ले रही है।
कोल्हान सॉकर एकेडमी का अगला मुकाबला 18 दिसंबर 2025 को सेंट्रल जीएसटी, चेन्नई (तमिलनाडु) के विरुद्ध होगा।
एकेडमी के सभी पदाधिकारियों ने इस शानदार जीत के लिए खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगियों को हार्दिक बधाई देते हुए आगामी मुकाबले के लिए भी इसी जोश और अनुशासन के साथ खेलने की शुभकामनाएँ दी हैं।

