JamshedpurLatestNewsNews postझारखण्ड

महिला चौकीदार हत्या मामला: SSP की सख्ती, पोटका थाना प्रभारी निलंबन के घेरे में

पोटका थाना में पदस्थापित महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या से जुड़े मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। आरोपी प्रेमी गणेश मांझी के वायरल वीडियो में थाना प्रभारी का नाम सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू को उनके पद से हटा दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने का आदेश दिया गया है।

 

प्रशासनिक फेरबदल के तहत अब पोटका थाना की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर सन्नी टोप्पो को सौंपी गई है, जिन्हें नया थाना प्रभारी बनाया गया है। यह फैसला सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो के बाद लिया गया, जिसमें गणेश मांझी ने थानेदार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

मामले में सामने आया है कि महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की कथित तौर पर उसके प्रेमी गणेश मांझी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या कर ली। मरने से पहले गणेश मांझी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने दावा किया कि उसे 14 दिसंबर को जानकारी मिली थी कि उसकी प्रेमिका और तत्कालीन थाना प्रभारी के बीच अवैध संबंध थे। इसी कारण उसने हत्या करने की बात कही।

 

वीडियो में उसने यह भी अपील की थी कि उसकी मौत के बाद उसके परिवार और भाई को परेशान न किया जाए। हालांकि, पूर्व थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।

 

एसएसपी की त्वरित कार्रवाई के बाद अब मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं, ज्योतिका हेंब्रम और गणेश मांझी—दोनों के परिजनों ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *