चक्रधरपुर–राउरकेला सड़क चौड़ीकरण को लेकर सांसद जोबा माझी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात
चक्रधरपुर: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-320 डी (एनएच-320 डी) के चक्रधरपुर से राउरकेला तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर मंत्री को एक पत्र सौंपा।


सांसद ने मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि लगभग 106 किलोमीटर लंबी यह सड़क झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ती है और यह एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है। वर्तमान में सड़क कई स्थानों पर संकीर्ण है तथा तीखे मोड़ों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्रों में अक्सर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ भारी वाहनों का आवागमन भी प्रभावित होता है।
सांसद जोबा माझी ने जनहित और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए एनएच-320 डी के प्राथमिकता के आधार पर चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की। साथ ही सोनुवा से मनोहरपुर तक यातायात को सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर या बाइपास निर्माण को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से टाटानगर और राउरकेला जैसे दो प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके अलावा बीजू एक्सप्रेस-वे से जुड़ने पर इस जनजातीय क्षेत्र में आर्थिक विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।

