पश्चिमी सिंहभूम में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने मातृत्व और बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर जोर दिया
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आज जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, मलेरिया उन्मूलन और एनीमिया मुक्त झारखंड अभियान से संबंधित प्रखंडवार प्रस्तुत प्रतिवेदन पर चर्चा की गई।


उपायुक्त ने प्रसव पूर्व जांच में कम उपलब्धि वाले प्रखंडों पर असंतोष व्यक्त करते हुए वंचित महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए कार्य योजना बनाने और आवश्यकतानुसार डिलीवरी पॉइंट तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अनिवार्य सुविधाओं का आकलन कर समेकित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया।
बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को दिए गए। बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित टीकाकरण को प्रभावी ढंग से संचालित करने और शिशु मृत्यु दर में सुधार के लिए प्रारंभिक स्तर से निगरानी रखने के लिए भी निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने बाल विवाह रोकथाम के लिए समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सेवाओं और दवाइयों की निगरानी, समय पर केंद्र खुलवाना और दवाइयों के आवक एवं वितरण का संपूर्ण प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दूसरे चरण में पीसीपीएनडीटी जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सभी पंजीकृत संस्थानों का निरीक्षण करने और संचालकों को बैठक व कार्यक्रम की जानकारी देने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए गए।

