विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक में शामिल हुए विधायक जगत माझी, छात्राओं को किया प्रोत्साहित
सोनुवा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सोनुवा प्रखंड के बेगुना ग्राम में संचालित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, गुदड़ी में सोमवार को विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक जगत माझी उपस्थित रहे और उन्होंने बैठक की अध्यक्षता की। विद्यालय की छात्राओं ने विधायक का स्वागत स्कूली बैंड और परेड के साथ किया।


बैठक के दौरान विधायक ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर अभिभावकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें विधायक के समक्ष रखीं। अभिभावकों ने विद्यालय के लिए एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने, गुदड़ी प्रखंड में निर्माणाधीन विद्यालय भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और शौचालय की सुविधा बहाल करने की मांग की। अभिभावकों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण वे बच्चों से नियमित संपर्क नहीं कर पाते हैं।
अभिभावकों की मांग पर विधायक जगत माझी ने अगले वर्ष विद्यालय को एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अन्य मांगों को लेकर उन्होंने कहा कि संबंधित कार्य प्रगति पर हैं और जल्द ही उन्हें पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक के उपरांत विधायक ने विद्यालय में चल रही अर्धवार्षिक परीक्षा का निरीक्षण किया और छात्राओं से उपलब्ध सुविधाओं एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गुदड़ी क्षेत्र पिछड़ा जरूर है, लेकिन यहां की छात्राएं पढ़ाई और खेल दोनों में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा।
विधायक ने विद्यालय के पुस्तकालय और कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। बैठक में वार्डेन पुष्पा कंडुलना, नूतन भुइंया, सुनीता कुमारी, मोनिका कुमारी सहित कई अभिभावक उपस्थित थे।

