विनोभा कुष्ठ आश्रम, बर्मामाईंस में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन
जमशेदपुर :


एसोसिएशन ऑफ पीपल अफेक्टेड बाय लेप्रोसी के सौजन्य से शुक्रवार को बर्मामाईंस स्थित विनोभा कुष्ठ आश्रम में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कुष्ठ रोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अपाल इंडिया के उपाध्यक्ष जवाहर राम पासवान ने अतिथियों का स्वागत कर की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं—रोकथाम, उपचार और पुनर्वास—हर व्यक्ति को समय पर और बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ तन और स्वस्थ मन ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।”
स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मौके पर डॉ. राजीव लोचन महतो, टाटा स्टील फाउंडेशन के सौरभ गोस्वामी तथा टाटा ट्रस्ट की रीता सिंह ने आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा योजना, कुष्ठ, यक्ष्मा, तंबाकू नियंत्रण, टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और परिवार कल्याण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. महतो ने अपने संबोधन में कहा कि कुष्ठ रोग नियमित रूप से एमडीटी दवा लेने से पूरी तरह ठीक हो सकता है। समय पर इलाज शुरू होने से दिव्यांगता से बचाव संभव है। उन्होंने समाज से कुष्ठ रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और रोगियों को मुख्यधारा में जोड़ने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि शरीर में किसी प्रकार का दाग या उस स्थान पर सुनापन महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। कुष्ठ रोग का इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है।
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को सफल बनाने में अपाल के उपाध्यक्ष जवाहर राम पासवान, शुरू भगत तथा आश्रम के सभी निवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

