Newsझारखण्ड

चाईबासा में पेसा कानून पास होने पर खुशी का माहौल

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड सरकार ने पेसा कानून को राज्य कैबिनेट से पास किया, जिसे आदिवासी और मूलवासी समाज के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में यह कानून राज्य के अनुसूचित क्षेत्रों में पारंपरिक स्वशासन और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने के साथ आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति, सामाजिक व्यवस्था और धार्मिक मान्यताओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पेसा कानून के लागू होने से जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और जनजातीय क्षेत्रों के विकास में मदद मिलेगी। राज्य के आदिवासी और मूलवासी इस फैसले को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं।

इस खुशी के अवसर पर आज शनिवार को चाईबासा जैन मार्केट चौक में झामुमो कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और लड्डू बांट कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और राज्य कैबिनेट के सभी सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया

जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि पेसा कानून का पास होना आदिवासी और मूलवासी समाज के लिए गौरव और विकास का अवसर है और यह उनके पूर्वजों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर झामुमो कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *