कोल्हान के युवाओं ने सिंगेसोर पहाड़ पर फहराया तिरंगा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कोल्हान क्षेत्र के युवाओं ने वर्ष 2025 के अंतिम दिनों में सिंगेसोर पहाड़ की चोटी पर तिरंगा फहराकर साहस, एकता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश दिया। यह एक दिवसीय एडवेंचर कार्यक्रम “कोल्हान एडवेंचर्स” के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें 45 युवक-युवतियों ने भाग लिया।


यह साहसिक यात्रा “हरियाली के रास्ते पर” थीम के अंतर्गत चाईबासा से लगभग 30 किलोमीटर दूर तांतनगर और मंझारी प्रखंड की सीमा में स्थित सिंगेसोर बुरु तक की गई। प्रतिभागियों ने 1640.42 फीट ऊंचे सिंगेसोर पहाड़ पर ट्रैकिंग कर प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगल और शांत वातावरण का अनुभव किया।
यात्रा की शुरुआत सुबह 9 बजे चाईबासा से हुई। सभी प्रतिभागी समूह में मोटरसाइकिल से सिंगेसोर बुरु पहुंचे। वहां पहाड़ी रास्तों और जंगल के बीच ट्रैकिंग के दौरान कोल्हान के इतिहास, संस्कृति और आदिवासी लोककथाओं पर स्थानीय जानकारों द्वारा जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन किया गया और मेडिकल सुविधा की भी व्यवस्था थी। सिंगेसोर बुरु के नीचे जोड़ापोखर गांव में सभी प्रतिभागियों के लिए पारंपरिक भोजन के साथ पिकनिक का आयोजन किया गया।
“कोल्हान एडवेंचर्स” का उद्देश्य युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ना, शारीरिक और मानसिक मजबूती बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और कोल्हान क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने साफ-सफाई, जंगल संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार का संकल्प लिया।
कोल्हान एडवेंचर्स के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह यात्रा युवाओं को यह संदेश देती है कि कोई भी लक्ष्य कठिन जरूर हो सकता है, लेकिन असंभव नहीं। पहाड़ की चढ़ाई टीम वर्क, धैर्य और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
इस एडवेंचर यात्रा का आयोजन साधु हो (बानरा), वीर सिंह बालमुचू, बुरु हो, रविन्द्र अल्डा, बनमाली तामसोय, क्रांति तिरिया, प्रधान तमसोय, अमर पिंगुवा, पंकज बंकिरा सहित कोल्हान एडवेंचर्स की आयोजन टीम ने किया। आयोजन टीम के नेतृत्व और योजना के कारण यह कार्यक्रम सुरक्षित और सफल रहा।

