LatestNewsNews postझारखण्ड

वर्ष 2025 सरायकेला-खरसावां पुलिस के नाम, अपराध नियंत्रण से नागरिक सेवा तक ऐतिहासिक उपलब्धियां

सरायकेला | वर्ष 2025 सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस के लिए उपलब्धियों का वर्ष साबित हुआ है। अपराध नियंत्रण से लेकर नागरिक सेवाओं तक, पुलिस ने पूरे साल प्रभावी और भरोसेमंद कार्यशैली का प्रदर्शन किया है, जिससे आम जनता का भरोसा मजबूत हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार जनवरी से नवंबर 2025 के बीच जिले में 1422 कांड दर्ज किए गए, जबकि इसी अवधि में 1898 मामलों का निष्पादन किया गया। यह दर्ज मामलों से 33.47 प्रतिशत अधिक निस्तारण को दर्शाता है, जिससे लंबित कांडों में उल्लेखनीय कमी आई है।

आपातकालीन सेवा डायल 112 में भी जिले ने राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। जहां वर्ष की शुरुआत में औसत रिस्पॉन्स टाइम करीब 21 मिनट था, वहीं नवंबर 2025 तक इसे घटाकर 9 मिनट 19 सेकंड कर दिया गया। यह सुधार त्वरित मॉनिटरिंग और फील्ड रिस्पॉन्स का परिणाम माना जा रहा है।

नागरिक सुविधा के क्षेत्र में पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वर्ष 2025 के अंतिम छह महीनों में सभी मामलों का निस्तारण 15 दिनों के भीतर किया गया, जबकि औसत समय 6 से 7 दिन रहा।

महिला एवं बच्चों से जुड़े यौन अपराध मामलों में भी जिले ने ITSSO के तहत 100 प्रतिशत अनुसंधान अनुपालन हासिल किया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने इन उपलब्धियों का श्रेय पूरी टीम और जनता के सहयोग को देते हुए अपराध मुक्त और भयमुक्त जिला बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *