Newsझारखण्ड

जगन्नाथपुर में वीर रितुई-गोंडाई व कोल्हान के शहीदों का शहादत दिवस मनाया गया

 

 

जगन्नाथपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): 1 जनवरी गुरुवार को आदिवासी हो समाज महासभा, जगन्नाथपुर द्वारा वीर रितुई-गोंडाई एवं कोल्हान के वीर शहीदों के शहादत दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत जगन्नाथपुर मेन मार्केट स्थित रितुई-गोंडाई चौक में पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद पदयात्रा निकाली गई। रितुई-गोंडाई स्मारक स्थल पर विधायक सोनाराम सिंकु ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले पोटो हो, नारा हो, पंडुवा हो, बढ़ाये हो और बेराई हो सहित अन्य शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन एवं श्रद्धांजलि दी

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सोनाराम सिंकु ने कहा कि आदिवासी समाज में वीरों की कोई कमी नहीं रही है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सेरेंगसिया घाटी जैसे कई युद्ध आदिवासी समाज ने लड़े, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण ये इतिहास की पुस्तकों में दर्ज नहीं हो सके। आदिवासी समाज ने कभी ब्रिटिश शासन को स्वीकार नहीं किया और अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि इससे उस समय समाज की एकता का पता चलता है।

उन्होंने कहा कि आज समाज शिक्षित हो रहा है, हर पंचायत और गांव में विद्यालय हैं और सरकार द्वारा बच्चों को किताब, कॉपी, साइकिल, स्कूल ड्रेस, बैग, जूता और स्वेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद समाज में एकता की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने चिंता जताई कि स्कूल और कॉलेज के बच्चे नशापान की ओर बढ़ रहे हैं और अपने लक्ष्य से भटक रहे हैं। उन्होंने समाज और परिजनों से बच्चों और युवाओं को सही मार्गदर्शन देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को अपनी हो भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं की जानकारी देना जरूरी है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा के साथ पर्व-त्योहारों में सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है, जिससे समाज की एकता और अस्तित्व दोनों सुरक्षित रहेंगे।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, आदिवासी हो महासभा केंद्रीय अध्यक्ष कृष्णा चन्द्र बोदरा, केंद्रीय उपाध्यक्ष मनोज देवगम, तिरिल तिरिया, सुदर्शन लागुरी, समाज महासभा के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी बिपिन सिंकु, बिपिन लागुरी, विक्रम हेंब्रम, जिंतुगाड़ा मुंडा सोमनाथ सिंकु, रंजीत गागराई, रोशन पान, करन तिरिया, मथुरा लागुरी, शाहरुख अली, कमल किशोर बोबोंगा, अर्जुन सिंकु, गुरु सिंकु, लखन सिंकु, दिनेश सिंकु, गंगाराम बोबोंगा सहित विभिन्न मौजा के मानकी, मुंडा, डाकुवा, दिऊरी, बुद्धिजीवी एवं आसपास के गांवों से आए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *