झारखण्डसरायकेला

“चांडिल में नववर्ष का भव्य स्वागत, पर्यटन स्थलों और मंदिरों में उमड़ी भीड़”

चांडिल, 01 जनवरी – नववर्ष 2026 के आगमन पर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में उत्साह, उमंग और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। नए साल के स्वागत के लिए क्षेत्र के पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कहीं लोग नाच-गाकर जश्न मनाते नजर आए, तो कहीं श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन-पूजन में लीन दिखे।

नववर्ष के पहले दिन चांडिल और आसपास के पिकनिक स्थलों पर भारी संख्या में लोग पहुंचे। परिवार और दोस्तों के साथ लोगों ने पिकनिक का आनंद लिया। सबसे अधिक भीड़ चांडिल डैम में देखने को मिली, जहां झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से आए सैलानियों ने साल के पहले दिन को खास बनाया। सुबह से शाम तक डैम में नौका विहार के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।

इधर, श्रद्धालुओं ने भी नए साल की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की। बड़ी संख्या में लोग जयदा स्थित ऐतिहासिक बुढ़ाबाबा शिव मंदिर और दलमा की चोटी पर स्थित दलमा बाबा मंदिर पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद लोगों ने जयदा और दलमा पिकनिक स्पॉट पर मनोरंजन कर नववर्ष का जश्न मनाया।

इसके अलावा पालना डैम, सतनाला डैम सहित चांडिल के कई पर्यटन स्थलों पर भी दिनभर रौनक बनी रही। कुल मिलाकर चांडिल में नववर्ष का स्वागत आस्था और उत्सव के संगम के साथ किया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *