Newsझारखण्ड

घने कोहरे में ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार पड़ रहे घने कोहरे के कारण सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तेज रफ्तार और वाहनों में मानक के अनुरूप एंटी फॉग लैंप नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार तड़के करीब तीन बजे चाईबासा–हाता मुख्य सड़क पर जेएमपी के पास ओवरब्रिज पर दो मालवाहक ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

 

हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार राय (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिला का रहने वाला बताया गया है। जानकारी के अनुसार विजय कुमार राय कोलकाता से माल लादकर चाईबासा की ओर आ रहा था। इसी दौरान घने कोहरे के कारण सामने से आ रहे दूसरे मालवाहक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।

 

टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। दुर्घटना में एक ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं सड़क पर वाहनों के टूटे हुए हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम थी, जिससे चालक समय रहते एक-दूसरे को नहीं देख सके।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर कोहरे के मौसम में यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा उपायों की गंभीरता से जरूरत को उजागर कर दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *