नव वर्ष पर बिरहोर परिवारों के बीच पहुंचे डॉ. जगन्नाथ हेंब्रोम, लगाया स्वास्थ्य शिविर
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): स्वास्थ्य विभाग में आज भी ऐसे चिकित्सक कार्यरत हैं जो अपनी निस्वार्थ सेवा भावना से लोगों के दिलों में जगह बनाए हुए हैं। ऐसे ही एक उदाहरण पश्चिम सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर एवं कुपोषण उपचार केंद्र, चाईबासा के प्रभारी डॉ. जगन्नाथ हेंब्रोम हैं।


नव वर्ष के अवसर पर डॉ. जगन्नाथ हेंब्रोम अपनी स्वास्थ्य टीम के साथ गोईलकेरा प्रखंड के जंगल और पहाड़ों के बीच स्थित आराहासा पंचायत के रेगाडबेडा गांव पहुंचे। इस गांव में लगभग 50 बिरहोर परिवार निवास करते हैं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण यहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं।

डॉ. हेंब्रोम और उनकी टीम द्वारा गांव में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बिरहोर परिवारों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मलेरिया प्रभावित क्षेत्र और बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी परिवारों के बीच मच्छरदानी, कंबल और साबुन का वितरण किया गया।
स्वास्थ्य जांच के दौरान तीन कुपोषित बच्चों की पहचान की गई, जिन्हें समुचित इलाज के लिए कुपोषण उपचार केंद्र, चाईबासा लाया गया। टीम ने बताया कि बच्चों का नियमित इलाज और देखभाल की जाएगी।

इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर, चाईबासा के प्रभारी डॉ. जगन्नाथ हेंब्रोम के साथ निर्मल कुमार लागुरी (लिपिक), उमा रानी दोराईबुरु (GNM), ज्योत्सना सिंह बेसरा (ANM), मधुसूदन बाबरी (MPW), विजय मराण्डी (MPW), आशीष सांवैया (MPW), रजनीश पुरती (MPW), विजय बानरा (चालक) और शेख वाजिद (चालक) शामिल थे।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टर की सराहना की।

