चौका थाना क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती को लेकर पुलिस का ड्रोन सर्वे व जागरूकता अभियान
सरायकेला-खरसावां, 7 जनवरी।


पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार बुधवार को चौका थाना क्षेत्र के ग्राम तानिसोया, रंका एवं टुरू में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध विशेष सत्यापन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में चौका थाना पुलिस एवं एसएसबी मतकमडीह के सशस्त्र बल की संयुक्त टीम शामिल रही।
अभियान के दौरान संबंधित गांवों में भौतिक रूप से तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से खेतों का सत्यापन किया गया। जांच में पाया गया कि ग्राम तानिसोया, रंका एवं टुरू के कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू एवं चना की खेती की जा रही है, जबकि अधिकांश भूमि परती अवस्था में पाई गई। सत्यापन के दौरान कहीं भी अफीम की अवैध खेती नहीं पाई गई।
इस अवसर पर चौका पुलिस द्वारा ग्रामीणों के बीच अफीम की अवैध खेती एवं उसके विक्रय पर रोक से संबंधित जागरूकता अभियान भी चलाया गया। थाना प्रभारी एवं एसएसबी मतकमडीह के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभाव, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग एवं सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत करीब 100 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, जबकि बच्चों को पुस्तक, कलम एवं चॉकलेट प्रदान की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता के सहयोग से इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जाएगा।

