Newsझारखण्ड

मानव–हाथी संघर्ष के कारण सादगीपूर्ण रहा भाजपा पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अभिनंदन कार्यक्रम

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई द्वारा संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत गीता बालमुचू को सर्वसम्मति से भाजपा पश्चिमी सिंहभूम की जिला अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन से जिले में महिला सशक्तिकरण, आदिवासी नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलने का संदेश गया है।

 

गीता बालमुचू पूर्व में चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल को विकास, पारदर्शिता और जनहित से जोड़कर देखा जाता है। संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनकी भूमिका को पार्टी में महत्वपूर्ण माना जाता है।

 

जिला अध्यक्ष चुने जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई, पूर्व विधायक शशी सामड, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक और जे.बी. तुबिड ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने फूल माला पहनाकर नई जिला अध्यक्ष का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा पश्चिमी सिंहभूम जिले में और मजबूत होगी।

 

कार्यक्रम में सभी मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, जिला एवं नगर कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। सभी कार्यकर्ताओं ने नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष को बधाई दी।

 

जिला अध्यक्ष बनने के बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस के रूप में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हालांकि क्षेत्र में मानव–हाथी संघर्ष में हुई जनहानि को देखते हुए पार्टी ने किसी भी प्रकार के उत्सवधर्मी आयोजन से परहेज किया और कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखा।

 

इस मौके पर गीता बालमुचू ने जिले की जनता, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निभाएंगी तथा जिले के विकास, जनहित और संगठन की मजबूती के लिए लगातार काम करेंगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *