स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती पर चाईबासा में होंगे विविध कार्यक्रम
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर रविंद्र भवन परिसर, चाईबासा में शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर कई सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


बैठक में बताया गया कि 12 जनवरी की सुबह 8 बजे कार्यक्रम की शुरुआत रविंद्र भवन परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इस दौरान रविंद्र भवन के सदस्य, शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के लोग प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
जयंती के अवसर पर जरूरतमंद लोगों के लिए कंबल वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन होगा, जिसमें फिजियोथैरेपी और होम्योपैथी चिकित्सा सेवाएं भी आम लोगों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोजकों ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के सेवा, त्याग और मानव कल्याण के विचारों को व्यवहार में उतारना है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस बैठक में देबोव्रत धर, आशीष सिन्हा, देवासीस चटर्जी, बाबू दत्ता, लालटू सरकार, देवेन दत्ता, बालू बोस, बप्पा सेनगुप्ता, संजय लखित, देवी शंकर दत्त, देबोजित राय और बांटू बोस सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग करने का आश्वासन दिया।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर स्वामी विवेकानंद की जयंती को सेवा और समर्पण के साथ भागीदारी प्रदान करें।

