छोटा सिजुलाता कालीबाड़ी में ब्रह्मलोकधाम का वनभोज सह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न
राजनगर प्रखंड के छोटा सिजुलाता नवोदय विद्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध कालीबाड़ी परिसर में जमशेदपुर की सामाजिक संस्था ब्रह्मलोकधाम द्वारा आयोजित वनभोज सह मिलन समारोह रविवार को उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सेवा भाव और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।


इस अवसर पर ब्रह्मानंद अस्पताल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री मोनूबिंदु भट्टाचार्य के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में चिकित्सकों की टीम एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। वनभोज के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न खेलकूद, मनोरंजक गतिविधियों और हंसी–मजाक से भरे कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, जिससे वातावरण पूरी तरह खुशनुमा बना रहा। वहीं सभी ने शुद्ध, स्वादिष्ट एवं पूर्णतः शाकाहारी भोजन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मोनूबिंदु भट्टाचार्य ने कालीबाड़ी (एमजीएस काली पूजा कमेटी) के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माँ काली के पावन मंदिर प्रांगण एवं शांत, शुद्ध वातावरण में इस प्रकार के सामूहिक आयोजन का अवसर प्रदान करने के लिए कमेटी प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में ब्रह्मलोकधाम संस्था द्वारा छोटा सिजुलाता एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, नेत्र जांच शिविर, रक्तदान शिविर सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर एमजीएस काली पूजा कमेटी के अध्यक्ष रविकांत गोप, कोषाध्यक्ष पवन महाकुड़ सहित प्रणव मंडल, हेमंत महाकुड़, विभीषण महाकुड़, जयकुमार पाल समेत कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवा भाव से जुड़े कार्यक्रमों की निरंतरता की कामना की.

