महतो समाज के हत्याकांड को लेकर कुड़मी सेना का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर/घाटशिला:


मानगो निवासी जीत महतो एवं घाटशिला निवासी तारापद महतो की हाल ही में गोली मारकर की गई निर्मम हत्या को लेकर कुड़मी सेना में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संगठन ने इन घटनाओं को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताते हुए प्रशासन की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
कुड़मी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष पोबीर महतो ने कहा कि लगातार हो रही हत्याओं से यह स्पष्ट होता है कि आम जनता का कानून व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रही है, जिसे कुड़मी समाज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कुड़मी सेना जोरदार आंदोलन करेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि कुड़मी सेना का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही सिटी एसएसपी से मुलाकात कर हत्यारों एवं साजिशकर्ताओं की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि अब कुड़मी समाज चुप बैठने वाला नहीं है।
वहीं, कुड़मी सेना के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष प्रेम महतो ने कहा कि यदि तारापद महतो के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो कुड़मी सेना कोल्हान बंद का आह्वान करेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, अन्यथा कुड़मी समाज संगठित होकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।

