JamshedpurLatestNewsNews postराजनीति

गालूडीह हत्याकांड: परिजनों से मिले विधायक जयराम महतो, कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

घाटशिला।

गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़िया कॉलोनी गांव के समीप एनएच-18 फोरलेन किनारे जेएलकेएम कार्यकर्ता तारापदो महतो की गोली मारकर हत्या के मामले में डुमरी विधायक एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो जयराम महतो मंगलवार देर रात मृतक के पुतड़ू गांव स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और इस घटना को झारखंड की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली बताया।

विधायक जयराम महतो ने कहा कि तारापदो महतो की निर्मम हत्या न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि राज्य में लगातार बढ़ते अपराध का चिंताजनक संकेत भी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते यह स्थिति अत्यंत पीड़ादायक है।

उन्होंने राज्य सरकार एवं प्रशासन से हत्याकांड में शामिल अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि सोमवार शाम गालूडीह थाना क्षेत्र में स्थित अपने कॉमन सर्विस सेंटर में मौजूद तारापदो महतो को बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

इस अवसर पर जेएलकेएम के घाटशिला के पूर्व प्रत्याशी रामदास मुर्मू, केंद्रीय संयुक्त महासचिव देवव्रत महतो, कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष नवीन महतो, पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी, जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *