चाईबासा में 33वीं पदमाबाई रुंगटा अंतर-विद्यालय गणित प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण 18 जनवरी को
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, बौद्धिक और तार्किक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से 33वीं पदमाबाई रुंगटा अंतर-विद्यालय गणित प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं वाद–विवाद प्रतियोगिता का आयोजन 18 जनवरी 2026, रविवार को पिल्लई हॉल, चाईबासा में किया जाएगा।


इस अवसर पर 9 नवम्बर 2025 को एम. एल. रुंगटा +2 उच्च विद्यालय, चाईबासा में आयोजित अंतर-विद्यालय गणित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी, जिससे यह आयोजन काफी सफल रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तर एवं कक्षा स्तर के टॉपर्स, अधिकतम सहभागिता वाले विद्यालय तथा अन्य विशेष श्रेणियों में चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कमेटी के निर्णय के अनुसार इस वर्ष प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो के साथ नगद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
पुरस्कार वितरण के साथ-साथ कार्यक्रम में वाद–विवाद प्रतियोगिता, ओपन हाउस क्विज, ऑन-द-स्पॉट प्रश्नोत्तरी एवं अन्य शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना है।
यह सम्पूर्ण आयोजन एस. आर. रुंगटा ग्रुप, चाईबासा के सौजन्य एवं प्रायोजन से किया जा रहा है, जो लंबे समय से शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सहयोग करता आ रहा है।
इस कार्यक्रम के कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में हर्षित मुंधरा को नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा, तैयारी और समन्वय उनके मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी हर्षित मुंधरा द्वारा साझा की गई हैं।
रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष विनय लोधा ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को एक सशक्त शैक्षणिक मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक चेतना और तार्किक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धांत कुमार, IAS, सहायक समाहर्ता, चाईबासा होंगे।
रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा, प्रतिभा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

