जिशान अहमद के नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम अंडर-16 टीम की घोषणा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 17 जनवरी से राज्य के आठ जिलों में शुरू हो रही अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पश्चिमी सिंहभूम टीम की घोषणा कर दी गई है। दाहिने हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज जिशान अहमद को टीम का कप्तान बनाया गया है।


घोषित टीम में जिशान अहमद (कप्तान), गगन विक्रांत टोपनो, सोहम मैती, शिवम लाल विश्वकर्मा, सिद्धार्थ जयसवाल, रिषभ राज, वासुदेव सुन्डी, सौम्यदीप राठौड़, त्रिनाथ प्रधान, नीतीश कुमार, कृष्णा महतो, दिव्यांश यादव, ओम प्रकाश महतो, रौशन सिंह यादव और चंदन प्रसाद को शामिल किया गया है।
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि चयनित खिलाड़ी अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कल सुबह हजारीबाग के लिए प्रस्थान करेंगे। पश्चिमी सिंहभूम का पहला मैच 17 जनवरी को मेजबान हजारीबाग के खिलाफ हजारीबाग स्थित संजय सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा।
ग्रुप कम लीग आधार पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में पश्चिमी सिंहभूम के अलावा मेजबान हजारीबाग, रांची, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और पलामु की टीमें शामिल हैं।
पश्चिमी सिंहभूम की टीम को ग्रुप लीग के तहत कुल पांच मैच खेलने हैं। इनमें तीन मैच हजारीबाग में और दो मैच कोडरमा में खेले जाएंगे। टीम का दूसरा मैच 18 जनवरी को रांची के खिलाफ हजारीबाग में होगा।
तीसरा और चौथा मैच क्रमशः रामगढ़ और पलामु के खिलाफ 19 और 20 जनवरी को कोडरमा में खेले जाएंगे। वहीं अंतिम लीग मैच 23 जनवरी को हजारीबाग में सरायकेला-खरसावां के खिलाफ निर्धारित है।
जिला क्रिकेट संघ ने टीम को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

