जनार्दन यादव की स्मृति में मोमिन कॉन्फ्रेंस ने लगाया रक्तदान शिविर, 57 लोगों ने किया रक्तदान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए शनिवार को स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव की स्मृति में जिला मोमिन कॉन्फ्रेंस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एमटीसी भवन में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 57 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।


रक्तदान शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार के 107 मरीजों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। शिविर का उद्घाटन चेंबर के पूर्व अध्यक्ष सह ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने शमा जलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ब्लड बैंक में रक्त की कमी बनी रहती है, जिसे दूर करने के लिए लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन जरूरी है। उन्होंने शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाने की अपील की। साथ ही उन्होंने स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव के परिवार और मोमिन कॉन्फ्रेंस को रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर डीएस डॉक्टर शिव चरण हासदा और एमटीसी प्रभारी डॉक्टर जगन्नाथ हेंब्रम ने भी रक्त की कमी को दूर करने के लिए नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं और युवाओं को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
शिविर में वरिष्ठ रक्तदाता मास्टर इरशाद अली, मोमिन कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मोअज्जम बिहारी, सिकंदर यादव, अंकित यादव, अर्पित कुमार, फैज अहमद, मो. फिरोज, मो. नवाब, इंतखाल आलम, एएनएम स्मिता कुमारी, मधुमिता मित्रा, कैटरीना, बिंदु कुमारी, सुलेखा सुंडी, मीर कुतुबुद्दीन और मो. राजा सहित कई लोग उपस्थित थे। इसके अलावा टाटा स्टील फाउंडेशन के 25 युवक और युवतियों ने भी शिविर में भाग लिया।
शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंक के जयंत कुमार, करणों बेहरा, समुल आलम और नील कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को लेकर रक्तदाताओं और आम लोगों में उत्साह देखा गया।

