मैत्री क्रिकेट श्रृंखला में टीम आईपीपी बनी विजेता, फाइनल में 8 रनों से दर्ज की जीत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में आयोजित मैत्री क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन सफल और रोमांचक रहा। प्रतियोगिता में खेले गए सभी मुकाबले खेल भावना और उत्साह से भरपूर रहे।


प्रतियोगिता के पहले मैच में टीम आईपीपी और सीसीसीआई टीम ‘ए’ के बीच मुकाबला हुआ। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम आईपीपी ने निर्धारित ओवरों में 121 रन बनाए। जवाब में सीसीसीआई टीम ‘ए’ 87 रन ही बना सकी और टीम आईपीपी ने 34 रनों से जीत दर्ज की।
दूसरा मैच प्रेसिडेंट इलेवन और सीसीसीआई टीम ‘बी’ के बीच खेला गया। सीसीसीआई टीम ‘बी’ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रेसिडेंट इलेवन ने 90 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीत लिया।

फाइनल मुकाबला टीम आईपीपी और प्रेसिडेंट इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम आईपीपी ने 101 रन बनाए। जवाब में प्रेसिडेंट इलेवन की टीम 93 रन ही बना सकी और टीम आईपीपी ने 8 रनों से फाइनल जीतकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में पहले मैच के मैन ऑफ द मैच प्रियांश सिन्हा को 30 रनों के लिए, दूसरे मैच के मैन ऑफ द मैच सौरभ गुप्ता को 57 रनों के लिए और फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच विकाश शर्मा को 17 रन और 3 विकेट के लिए चुना गया। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार सौरभ गुप्ता और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्रियांश सिन्हा को मिला। प्लेयर ऑफ द डे का पुरस्कार इंद्रजीत सिंह रंधावा को लगातार तीन गेंदों में तीन विकेट लेने के लिए दिया गया।
खेल महोत्सव का उद्घाटन और पुरस्कार वितरण सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन और आपसी सौहार्द का माध्यम बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों, खेल उपसमिति, खिलाड़ियों और आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दर्शकों ने भी पूरे उत्साह के साथ मैचों का आनंद लिया।

