Newsझारखण्ड

बड़ा चिरू में करंट की चपेट में आए विद्युत विभाग के लाइनमैन, सदर अस्पताल में इलाज जारी

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): खूंटपानी थाना क्षेत्र के बड़ा चिरू गांव में सोमवार संध्या करीब 4 बजे विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन मांगीलाल हेंब्रम करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना उस समय हुई जब वह 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार पर खंभे में चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क अचानक बिजली के तार से हो गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा।

 

घटना की जानकारी देते हुए मांगीलाल हेंब्रम के ममेरे भाई आदर्श बानरा ने बताया कि काम के दौरान अचानक करंट लगने से उनके पेट और छाती का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए बड़ा चिरू स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

 

उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार मांगीलाल हेंब्रम की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

 

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

 

स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक संसाधन और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *