चम्पाई सोरेन ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को दी शुभकामनाएं
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने आज नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया।


चम्पाई सोरेन ने कहा कि संगठन की कमान एक युवा और ऊर्जावान नेतृत्व को सौंपा जाना पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत है। इससे न केवल भाजपा का संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा, बल्कि कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह देखने को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगामी चुनावों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, केरल सहित अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और संगठनात्मक तैयारी के दम पर बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के कारण चुनावी अभियान को नई दिशा मिलेगी।
मुलाकात के दौरान देश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन विस्तार और भविष्य की रणनीतियों पर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सहयोग और संवाद के महत्व को दर्शाती है।

