Newsझारखण्ड

धनबाद मेयर चुनाव : JLKM ने उतारा पार्टी समर्थित उम्मीदवार, इंजीनियर प्रकाश कुमार को मिली जिम्मेदारी

 

धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने मेयर पद के लिए अपने पार्टी समर्थित उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने शहरी विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभव रखने वाले सिविल इंजीनियर प्रकाश कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है।

सर्किट हाउस, धनबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने मेयर पद के लिए इंजीनियर प्रकाश कुमार के नाम की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी धनबाद नगर निगम चुनाव पूरी मजबूती और गंभीरता के साथ लड़ेगी। जेएलकेएम का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि नगर निगम में जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना है।

सुशील मंडल ने कहा कि इंजीनियर प्रकाश कुमार पढ़े-लिखे, अनुभवी और आधुनिक शहरी विकास की सोच रखने वाले व्यक्ति हैं, जिनका अनुभव धनबाद जैसे औद्योगिक शहर के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

कौन हैं इंजीनियर प्रकाश कुमार

इंजीनियर प्रकाश कुमार ने एनआईटी पटना से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के प्रतिष्ठित इंपीरियल कॉलेज लंदन से ट्रांसपोर्ट एंड बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। वे शेवनिंग स्कॉलर भी रह चुके हैं।

उन्होंने यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस और नेपाल सहित कई देशों में शहरी विकास एवं परिवहन क्षेत्र में कार्य किया है और अब तक 26 से अधिक देशों की यात्रा कर अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त किया है। वर्तमान में वे एक शहरी योजना सलाहकार (Urban Planning Consultant) के रूप में कार्यरत हैं।

भारत में उन्होंने लखनऊ, कोच्चि, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद और विशाखापत्तनम जैसे प्रमुख शहरों में शहरी विकास और शहरी परिवहन परियोजनाओं पर काम किया है। इसके अलावा, वे देश की कई मेट्रो परियोजनाओं से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं।

शहरी परिवहन से जुड़े उनके कई तकनीकी लेख प्रकाशित हो चुके हैं। विशिष्ट सेवाओं और नवाचारों के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया है, जिनमें यूके एलुमनी अवॉर्ड (मॉरीशस) और बेंटले इनोवेशन अवॉर्ड (नीदरलैंड) प्रमुख हैं। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट से मोटर ग्लाइडर के लिए स्टूडेंट पायलट लाइसेंस भी प्राप्त किया है।

जेएलकेएम की इस घोषणा के बाद धनबाद नगर निगम चुनाव में मुकाबला और रोचक होने की संभावना बढ़ गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *